हरिद्वार। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और नगर आयुक्त नन्दन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने प्रेम नगर चौक से चंद्राचार्य चौक तक कार्रवाई करते हुए सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए।
अभियान का उद्देश्य सड़कों पर आवागमन को सुगम बनाना, पैदल यात्रियों को राहत देना और सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक अवरोधों को दूर करना रहा। नगर निगम की टीम ने संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक स्थानों का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार, सुपरवाइजर कुलदीप और लवकेश सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर सामान रखकर, फुटपाथों पर कब्जा करके या अस्थायी संरचनाएं बनाकर यातायात बाधित न करें। प्रशासन ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
नगर निगम के अनुसार, शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने, यातायात सुचारू रखने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।






