
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में नौ कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने मां भगवती से प्रदेश की उन्नति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं मंगलमय जीवन के लिए भी प्रार्थना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि का पर्व मातृशक्ति की आराधना और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। कन्या पूजन के माध्यम से मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और आदर का भाव प्रकट होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और समाज में श्रद्धा एवं सकारात्मकता का संदेश देने का कार्य करते हैं।





