जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर कार्रवाई, पोलों से निजी कंपनियों के केबल और तार भी हटाए जा रहे

हरिद्वार। शहर को सुंदर, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सड़कों के किनारे यातायात में बाधा बन रहे अनुपयोगी विद्युत पोलों को हटाने की कार्रवाई शुरू की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विद्युत विभाग की टीम ने भगत सिंह चौक से शंकराचार्य चौक तक करीब 15 अनुपयोगी विद्युत पोल हटाए हैं। इन पोलों पर विभिन्न निजी कंपनियों और केबल ऑपरेटरों की ओर से लगाए गए तारों और केबलों को भी हटाया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता विद्युत दीपक सैनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर के उन विद्युत पोलों को चिह्नित किया जा रहा है, जो वर्तमान में उपयोग में नहीं हैं और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। चिह्नित पोलों को आवश्यकतानुसार हटाया जा रहा है, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि कई अनुपयोगी विद्युत पोलों पर निजी कंपनियों और केबल ऑपरेटरों के तार लगे हुए हैं, जिससे सड़क किनारे अव्यवस्था बनी रहती है। विद्युत पोल हटाने के साथ ही इन अनावश्यक तारों और केबलों को भी हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात में बाधा बन रहे अनुपयोगी पोलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य प्रमुख मार्गों पर आवागमन को सुगम बनाना, सार्वजनिक स्थानों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और शहर की सुंदरता बढ़ाना है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई से सड़क किनारे अनावश्यक अवरोध कम होने और आमजन को यातायात में सुविधा मिलने की उम्मीद है।





