
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम शिवगढ़ में आयोजित रामलीला के दौरान हुड़दंग मचाकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करना नौ युवकों को भारी पड़ गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पथरी पुलिस ने सभी नौ युवकों को हिरासत में लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को शिवगढ़ में रामलीला के दौरान कुछ युवकों के हंगामा करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां कुछ युवक शोर-शराबा कर रहे थे और शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस टीम और रामलीला में मौजूद लोगों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। स्थिति बिगड़ने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने नौ युवकों को हिरासत में ले लिया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये युवक किए गए हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवकों में मुकुल (22), जतिन चौहान (19), अमरीश (26), विशाल (20), शुभम (19), आकाश (20), मनीष कुमार (21) और विनीत कुमार (19), निवासी ग्राम धारीवाला, थाना पथरी, हरिद्वार तथा अभिषेक (23), निवासी ग्राम शिवगढ़, थाना पथरी, हरिद्वार शामिल हैं।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र पुंडीर, सुरेश रावत, सोहन राणा तथा होमगार्ड अजय कुमार और इन्छाराम शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





