सीएम धामी ने नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को दिखाई हरी झंडी, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

बनबसा (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा के पाटनी तिराहे पर लगभग 11 फीट ऊंची भगवान श्री हनुमान की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पाटनी तिराहे का नाम बदलकर ‘हनुमान चौक’ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने नशामुक्त देवभूमि के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत बनबसा स्थित एनएचपीसी हेलीपैड पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नशामुक्ति सद्भावना दौड़ में प्रतिभाग किया और युवा बालक-बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर भगवान श्री हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने सुंदरकांड पाठ में भी सहभागिता की। ‘जय श्री राम कीर्तन मंडल’ की ओर से प्रस्तुत भजनों से कार्यक्रम स्थल भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने और प्रदेश के समग्र विकास को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि और सैन्यभूमि बताते हुए सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
मुख्यमंत्री ने सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नकल-विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से योग्य युवाओं को अवसर मिले हैं। सरकार के अनुसार, प्रदेश में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच पहुंचकर प्रसाद वितरित किया तथा उनसे संवाद किया। इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी, भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि प्रमोद कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





