एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में चला अभियान, दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दुकानों की चेकिंग की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 81 चालान काटे गए।
पुलिस की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण कर प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री की जांच की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करें और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने सभी दुकानदारों से नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री से दूर रहने की अपील की है।





