फरवरी 2027 में चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में शूटिंग की तैयारी, उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद

देहरादून। उत्तराखण्ड को अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश में प्रस्तावित है। इस संबंध में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया, जिसे बीटल्स आश्रम के नाम से भी जाना जाता है, में किए जाने की योजना है। इस फिल्म परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं।
यह परियोजना सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही है। इसके तहत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में तैयार की जा रही हैं। फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ रखा गया है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने का प्रस्ताव है।
250 से अधिक क्रू सदस्यों के आने की संभावना
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्य शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से संबंधित कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है।
फिल्म परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही ऋषिकेश और उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत तथा आध्यात्मिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने का अवसर मिलेगा।
फिल्म नीति के तहत सुविधाएं दे रही सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखण्ड में आएं, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशेष पहचान है। ‘द बीटल्स’ का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग होने से प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल रहीं।





