30 विकास कार्यों का शिलान्यास, 8 का लोकार्पण; मिनी स्टेडियम और महाविद्यालय के स्थायी भवन समेत कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित बर्नीगाड़ में लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 विकास कार्यों का शिलान्यास और 8 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही बड़कोट और चिन्यालीसौड़ के राजकीय महाविद्यालयों को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की बात कही।

पीएमजीएसवाई के 18 कार्यों पर 176 करोड़ से अधिक खर्च
मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास किए गए 30 विकास कार्यों पर 194 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) खंड पुरोला के 18 कार्यों पर 176 करोड़ 87 लाख रुपये, लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर छह करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर छह करोड़ 61 लाख रुपये और सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर पांच करोड़ 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर 18 करोड़ 76 लाख रुपये, माध्यमिक शिक्षा के एक कार्य पर एक करोड़ 36 लाख रुपये, समग्र शिक्षा के तीन कार्यों पर एक करोड़ 25 लाख रुपये तथा लोक निर्माण विभाग बड़कोट के एक कार्य पर 97 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी सोच के साथ संचालित किया जा रहा है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार तहसील व जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि बर्नीगाड़ जैसे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा।
महिला सशक्तीकरण और युवाओं को रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलें महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। राज्य सरकार दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा, महिला सशक्तीकरण और राज्य में लागू विभिन्न कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड के विकास के साथ-साथ जनकल्याण और सुशासन सरकार की प्राथमिकता है।
शिविर में लाभार्थियों को बांटे चेक और उपकरण
जनसेवा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ और विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण क्षेत्र के विकास को गति देगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, पूर्व विधायक मालचंद, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।





