
हरिद्वार, 14 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़कों, चौराहों, फुटपाथों, पुलों और पैदल मार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी सोनिका ने शंकराचार्य चौक से मालवीय चौक तक सड़क सुधार, मीडियन निर्माण, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह और लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मेलाधिकारी ने सड़कों पर बेतरतीब खड़े और क्षतिग्रस्त पोलों को हटाने तथा यातायात और पैदल आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के साथ उन्होंने माया देवी मंदिर क्षेत्र से वाल्मीकि चौक होते हुए गुजरांवाला चौक तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। गुजरांवाला धर्मशाला से शिवमूर्ति चौक तक की आंतरिक गलियों और शिवमूर्ति चौक क्षेत्र में चल रहे सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और सड़कों व फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक और बिल्केश्वर क्षेत्र से मनसा देवी मार्ग तक फुटपाथ निर्माण तथा मनसा देवी पैदल मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कुंभ नगरी की आवश्यकताओं के अनुरूप निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
रात की शिफ्ट में काम और संसाधनों की होगी नियमित समीक्षा
निर्माण कार्यों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मेलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और प्रगति एवं गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यस्थलों पर पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित करने तथा रात्रिकालीन शिफ्ट में निर्माण कार्यों की स्थिति की नियमित जांच करने को कहा। संसाधनों की उपलब्धता, रात में होने वाले कार्यों की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल और पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क सुधार एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।





