
रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई चेन और पेंडल बरामद किया है। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पीड़ित महिला के घर में किराए पर रहता था।
जानकारी के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को हनुमान कॉलोनी, रुड़की निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उसके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा अपराध संख्या 352/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक व्यक्ति महिला की चेन छीनकर भागता हुआ दिखाई दिया। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए मुंह और सिर पर कपड़ा लपेट रखा था और अपना हुलिया भी बदला हुआ था।
घटना के खुलासे के लिए सीआईयू रुड़की को भी जांच में लगाया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के जरिए आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए। इसी दौरान मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि 4 सितंबर 2026 को कृष्ण जन्माष्टमी के दिन हनुमान कॉलोनी में बुजुर्ग महिला से चेन छीनने वाला व्यक्ति उसी महिला के घर में किराए पर रहता है।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी के कमरे पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसकी अलमारी से एक चेन और एक पेंडल पीली धातु बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
सूरज पुत्र दिलबर सिंह, निवासी डूंगरी रोपड़, रूपनगर, पंजाब, उम्र 29 वर्ष।
बरामदगी
01 चेन
01 पेंडल, पीली धातु
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव, उप निरीक्षक संतोष सेमवाल, हेड कांस्टेबल संदीप यादव, कांस्टेबल धीरेंद्र और पीआरडी मुकेश।
सीआईयू रुड़की टीम
एएसआई अश्वनी यादव, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल अजय काला, रविन्द्र खत्री, राहुल नेगी, महिपाल तोमर और आशीष शर्मा।
मुकदमा: अपराध संख्या 352/2026, धारा 304(2)/317(2) बीएनएस।





