
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी करने, पांच करोड़ रुपये मांगने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने एक महिला को सहारनपुर से हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर की गई। आरोपी महिला के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 की रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर निवासी महिला ने कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी महिला ने सोशल मीडिया पर अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कर उनके परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। इसके अलावा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की गई। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
तहरीर के आधार पर रानीपुर कोतवाली में संबंधित धाराओं और स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर को सहारनपुर स्थित आरोपी महिला के आवास से उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पूर्व आपराधिक मामलों का भी उल्लेख किया है, जिनमें हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमे शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल कुलदीप, महिला कांस्टेबल मोनिका और महिला कांस्टेबल मीनाक्षी शामिल रहे।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप पुलिस की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।





