
अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए मकान मालिकों को सत्यापन कराने के प्रति किया जा रहा जागरूक
हरिद्वार। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोतवाली श्यामपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस टीम क्षेत्र में रह रहे लोगों की जानकारी जुटाने के साथ ही मकान मालिकों और स्थानीय नागरिकों को भी जागरूक कर रही है। पुलिस द्वारा मकान मालिकों से अपने यहां रहने वाले किरायेदारों एवं अन्य व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की जा रही है।
पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।





