ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई, तस्करी में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद
बहादराबाद, हरिद्वार। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2026 के तहत बहादराबाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 93 नशीले इंजेक्शन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर को बहादराबाद पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान भारापुर भौरी से सहदेवपुर जाने वाले मार्ग के तिराहे पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 48 शीशी डायजेपाम इंजेक्शन और 45 शीशी रेस्टिजेसिक (ब्यूप्रेनोर्फिन हाइड्रोक्लोराइड) इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने कुल 93 इंजेक्शनों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूके17एन7811 भी कब्जे में ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने और नशे के आदी होने के कारण वे शाह नाम के व्यक्ति से नशीले इंजेक्शन खरीदते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीम पुत्र मुनफैद, निवासी ग्राम लंढौरा, थाना मंगलौर, हरिद्वार और तन्मय ध्यानी पुत्र शशि मोहन ध्यानी, निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल नरविन्दर सिंह, कांस्टेबल चन्दन सिंह और होमगार्ड कासिफ शामिल रहे। बहादराबाद पुलिस ने बताया कि नशीले कैप्सूल और इंजेक्शनों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।






