
स्लीपर, लग्जरी और पर्यटक बसों की जांच में परमिट उल्लंघन व सुरक्षा मानकों में मिलीं खामियां
प्रमेन्द्र नारायण
हरिद्वार, 24 अक्टूबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शनिवार तड़के सुबह 4 बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान 62 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर चार बसों को सीज कर दिया गया।
अभियान में स्लीपर, लग्जरी और पर्यटक बसों की सघन जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम ने बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, रिफ्लेक्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान कई बसों में परमिट शर्तों का उल्लंघन, पर्यटक परमिट का निर्धारित प्रयोजन से अलग इस्तेमाल और स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव पाए गए।
संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा उपकरणों की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि लंबी दूरी की यात्री बसों में तकनीकी मानकों की अनदेखी यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
बसों के साथ अन्य व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की भी जांच की गई। ओवरलोडिंग, आवश्यक दस्तावेजों की कमी और परिवहन नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
एआरटीओ निखिल शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यात्री वाहनों की सुरक्षा और नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा। जनपद में आने-जाने वाली बसों के परमिट, तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रावधानों का पालन कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





