फिटनेस और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाली स्लीपर व लग्जरी बसों पर कार्रवाई, 5 बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति

हरिद्वार, 23 अक्टूबर। हरिद्वार में स्लीपर और लग्जरी बसों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने शुक्रवार तड़के चार बजे से सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में 50 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि पांच बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर पांच बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी शामिल रहे। टीम ने स्लीपर और लग्जरी बसों की तकनीकी स्थिति, आपातकालीन निकास, सुरक्षा उपकरणों, वाहन संरचना और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बसों की संरचना में अनधिकृत बदलाव पर नजर
जांच के दौरान बसों की स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव, परमिट की शर्तों का उल्लंघन और पर्यटक वाहनों का निर्धारित प्रयोजन से अलग इस्तेमाल जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके अलावा कुछ वाहनों में आपातकालीन निकास व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। चालकों द्वारा वैध ड्राइविंग लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने, रिफ्लेक्टर, ध्वनि नियंत्रण तथा कर संबंधी अभिलेखों में अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग के अनुसार, बसों में निर्धारित मानकों के विपरीत किए गए बदलाव यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। विशेष रूप से आग लगने या दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित निकास की व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है। इसी को देखते हुए तकनीकी अधिकारी की मौजूदगी में बसों की गहन जांच की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने बताया कि स्लीपर और लग्जरी बसों के खिलाफ अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। आगामी दिनों में भी अलग-अलग मार्गों और प्रवेश स्थलों पर आकस्मिक जांच की जाएगी। सुबह और रात के समय भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन जांच से बच न सकें।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को वाहनों में अनधिकृत बदलाव नहीं करने तथा फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान, सीज करने तथा फिटनेस और परमिट संबंधी कार्रवाई की संस्तुति सहित नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।





