
बहादराबाद। स्प्रिंग फील्ड स्कूल, बहादराबाद के नाम पर अभिभावकों को डांस और पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों के चयन की सूचना देने वाले अज्ञात फोन कॉल आ रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने इस मामले में अभिभावकों को सतर्क रहने की अपील की है।
स्कूल की प्रधानाचार्या ने 22 अक्टूबर को जारी आवश्यक सूचना में बताया कि कुछ अभिभावकों ने फोन कर जानकारी दी कि उन्हें अज्ञात नंबरों से कॉल आ रही हैं। कॉल करने वाले बच्चों का डांस और पेंटिंग प्रतियोगिता में चयन होने की बात कहकर 25 अक्टूबर को मिलने के लिए बुला रहे हैं।
प्रधानाचार्या ने स्पष्ट किया कि विद्यालय की ओर से इस प्रकार की कोई प्रतियोगिता आयोजित नहीं की गई है। उन्होंने अभिभावकों से ऐसे अज्ञात फोन कॉल पर भरोसा न करने और किसी भी अफवाह से सावधान रहने की अपील की है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, विद्यालय में किसी भी आयोजन की जानकारी अभिभावकों को व्हाट्सएप ग्रुप या लिखित संदेश के माध्यम से दी जाती है। इसलिए अभिभावक किसी भी प्रतियोगिता या कार्यक्रम की सूचना मिलने पर पहले स्कूल से उसकी पुष्टि करें।
विद्यालय की ओर से कहा गया है कि अभिभावक अज्ञात नंबरों से आने वाली ऐसी कॉल के झांसे में न आएं और बिना आधिकारिक पुष्टि के 25 अक्टूबर को बताए गए कार्यक्रम में पहुंचने से बचें।





