हरिद्वार। नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होने और आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई की। गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण (एनएचएआई) और श्यामपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने श्यामपुर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नेशनल हाईवे और उसके आसपास किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। टीम ने संबंधित लोगों को सड़क से अतिक्रमण हटाने और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी।
संयुक्त टीम ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और सड़क पर अनावश्यक अवरोध पैदा नहीं करने के निर्देश भी दिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण करने और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई का उद्देश्य हाईवे पर यातायात को सुचारू बनाए रखना और आमजन को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है।






