दुकान पर छापेमारी के दौरान 4,470 रुपये की नकदी मिली, एक अन्य आरोपी फरार

रुड़की, 22 अक्टूबर। रुड़की में गोकशी और गोमांस बेचने के मामले में पुलिस एवं गोवंश स्क्वाड की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 42.25 किलोग्राम गोमांस और बिक्री से प्राप्त 4,470 रुपये की नकदी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने इमली रोड स्थित एक दुकान पर छापेमारी की। मौके से शमशाद पुत्र हबीब, निवासी इमली रोड, रुड़की को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान कथित तौर पर गोमांस और नकदी बरामद हुई।
इस मामले में कोतवाली रुड़की में मुकदमा अपराध संख्या 483/2026 के तहत गोवंश संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज रावत को सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, उपनिरीक्षक शरद सिंह, हेड कांस्टेबल पूरन सिंह, सुनील सैनी, कांस्टेबल राजेंद्र, प्रवीण कुमार, महिला कांस्टेबल लखमीरी, हेड कांस्टेबल विपिन और कांस्टेबल इतेंद्र ध्यानी शामिल रहे।





