
मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और हरिद्वार बाईपास का किया निरीक्षण, कुंभ से पहले बाईपास चालू करने के निर्देश
हरिद्वार, 22 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में स्थायी निर्माण कार्यों के साथ अस्थायी व्यवस्थाओं को भी गति दी जा रही है। मेला क्षेत्र में शिविरों के लिए निर्धारित भूमि को समतल करने, अस्थायी सड़कें बनाने, बिजली-पानी की व्यवस्था करने और पार्किंग व बस अड्डों को तैयार करने का काम तेज हो गया है।
इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और कुंभ से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप में शिविरों के लिए भूमि की साफ-सफाई, समतलीकरण, अस्थायी सड़कों, बिजली और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शिविर स्थलों पर श्रद्धालुओं और अन्य लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं समय से विकसित की जाएं, ताकि कुंभ के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दक्षद्वीप में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण जल्द पूरा करने और वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों और पुलों से संबंधित कार्य भी शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
कुंभ से पहले चालू होगा हरिद्वार बाईपास
मेलाधिकारी ने एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बाईपास का निर्माण अविलंब पूरा कर कुंभ से पहले यातायात के लिए चालू करने के निर्देश दिए।
एनएच-74 पर चिड़ियापुर तक मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने अंजनी चौकी के निकट प्वाइंट 4.2 पर बाईपास के अंतिम सिरे को व्यवस्थित करने और आवश्यक साइनेज लगाने को कहा, जिससे वाहन चालकों को रास्ते की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
मेलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों और परियोजना निदेशक, नजीबाबाद से दूरभाष पर वार्ता कर एनएच-74 के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। चिड़ियापुर के निकट अधूरे फ्लाईओवर का कार्य भी कुंभ की जरूरतों को देखते हुए जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।





