
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए 29 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद संरक्षण में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को नाबालिग की मां ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी रुपिन पुत्र चंद्रसिंह, निवासी ग्राम आमखेड़ी, थाना मंगलौर, जनपद सहारनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से नाबालिग की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 21 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर खेलड़ी तिराहे से आरोपी को हिरासत में लिया गया और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी पर विवाह करने का बहाना बनाकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप सामने आया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक महिपाल सैनी, कांस्टेबल प्रदीप सिंह और महिला पीआरडी ममता।





