सर्किट हाउस और देवभूमि रजत जयंती पार्क का किया लोकार्पण, न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन और जिला बार एसोसिएशन में ई-लाइब्रेरी बनाने की घोषणा

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत जनपद को लगभग 96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने नवनिर्मित सर्किट हाउस और देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने तथा न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की लागत वाली 16 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ग्राम सभाओं को विकास के लिए मिलेंगे 10 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराने के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस धनराशि से पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य किए जा सकेंगे। इसके अलावा न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने में उनकी अहम भूमिका है।
सड़क, पार्किंग और पेयजल सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। वहीं, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
1.37 करोड़ से बने रजत जयंती पार्क का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
उन्होंने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, पूर्व सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।





