डायल 112 की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, भाभी और परिजनों के साथ कर रहा था झगड़ा
प्रमेन्द्र नारायण

बहादराबाद। घरेलू विवाद के दौरान हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में बहादराबाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी भाभी और अन्य परिजनों के साथ झगड़ा कर रहा था। समझाने के बावजूद शांत नहीं होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कस्बा बहादराबाद में एक व्यक्ति अपने घर के सामने हंगामा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां मनोज (31) पुत्र रोहताश, निवासी कस्बा बहादराबाद, अपनी भाभी और अन्य परिजनों के साथ झगड़ा करता मिला।
पुलिस ने युवक को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह और अधिक उग्र हो गया। इससे मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पैदा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन और होमगार्ड गोविंद।





